Ranchi : बोकारो में 12 अप्रैल को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा 2023 आयोजित की जाएगी। जिले के 27 परीक्षा केंद्रों पर यह परीक्षा होगी, जिसमें कुल 12,840 अभ्यर्थी शामिल होंगे। प्रशासन की ओर से परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त कराने के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूरी तरह रोक
जिला शिक्षा पदाधिकारी जगरनाथ लोहरा ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सख्त नियम लागू किए गए हैं। किसी भी अभ्यर्थी को मोबाइल, ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच, पेजर या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अगर किसी के पास प्रतिबंधित सामान मिला तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
एंट्री से पहले होगी सख्त जांच
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की अनिवार्य रूप से तलाशी ली जाएगी। इसके लिए अलग-अलग फ्रिस्किंग जोन बनाए गए हैं, जहां पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की अलग-अलग जांच होगी। प्रशासन ने कहा है कि सभी अभ्यर्थी जांच में सहयोग करें, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।
समय से पहले पहुंचने की अपील
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्र पर पहुंच जाएं, ताकि जांच और अन्य प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न हो। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
अंतिम चरण में तैयारियां
प्रशासन के मुताबिक परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। आयोग की ओर से जारी एसओपी का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और परीक्षा को सफल बनाने में सहयोग दें।
Also Read : झारखंड में सूचना आयुक्त नियुक्ति पर अटका मामला, राज्यपाल ले रहे कानूनी राय


