Chatra : झारखंड के चतरा जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र में संचालित अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां 14 वर्षीय छात्रा के गर्भवती होने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है। इस मामले में स्कूल के एक शिक्षक पर आरोप लगाए गए हैं।
छुट्टी में घर पहुंचने पर खुला राज
जानकारी के मुताबिक, छुट्टी के दौरान जब छात्रा घर गई तो परिजनों को उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली। पेट बढ़ा देख परिवार वालों ने पूछताछ की, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
स्कूल पहुंचकर परिजनों ने किया हंगामा
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन विद्यालय पहुंचे और जमकर विरोध किया। लोगों में आक्रोश फैल गया और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लिया है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
प्रशासन मौके पर, जांच जारी
मामले की सूचना मिलते ही अपर समाहर्ता अरविंद कुमार और कल्याण व शिक्षा विभाग के अधिकारी स्कूल पहुंचे और जांच शुरू की। हंटरगंज थाना प्रभारी ने बताया कि छात्रा का बयान दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कड़ी कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों और परिजनों ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
Also Read : पाकुड़ में ट्रेन की चपेट में आया युवक, आरपीएफ की तत्परता से बची जान

