Ranchi : जेईई मेन परीक्षा में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े का मामला सामने आने के बाद बड़ा फैसला लिया गया है। राधा गोविंद यूनिवर्सिटी स्थित परीक्षा केंद्र को रद्द कर दिया गया है। अब 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक होने वाली ऑनलाइन परीक्षा इस सेंटर पर नहीं होगी।
अब रांची में होगा एग्जाम
परीक्षार्थियों को अब रांची के टुपुदाना समेत अन्य परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देनी होगी। इस संबंध में छात्रों को ऑनलाइन माध्यम से सूचना भी भेज दी गई है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
प्रशासन की रिपोर्ट के बाद हुआ फैसला
मामला सामने आने के बाद रामगढ़ उपायुक्त की ओर से रिपोर्ट भेजी गई थी। इसी रिपोर्ट के आधार पर टाटा कंसल्टेंसी सर्विस (TCS) ने राधा गोविंद यूनिवर्सिटी को मेल भेजकर सेंटर रद्द करने की जानकारी दी।
कंप्यूटर से छेड़छाड़ का मामला दर्ज
इस पूरे मामले में रामगढ़ थाना में कंप्यूटर सिस्टम से छेड़छाड़ को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारी फौजान अहमद को दी गई है। डीएसपी ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) और TCS के अधिकारियों से भी पत्राचार कर जांच में सहयोग मांगा है। साथ ही परीक्षा संचालन में जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी का ब्योरा भी मांगा गया है।

70 कंप्यूटर जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 70 कंप्यूटर सेट बरामद किए हैं। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में यूनिवर्सिटी कर्मी दिनेश कुमार महतो, TCS से जुड़े सुरेश कुमार सिंह और साकिर शामिल हैं। वहीं कुछ अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

यूनिवर्सिटी ने दी सफाई
राधा गोविंद यूनिवर्सिटी के कुलसचिव डॉ. निर्मल कुमार मंडल ने कहा कि जैसे ही तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी मिली, उन्होंने खुद पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी थी। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी हमेशा पारदर्शी तरीके से परीक्षाएं आयोजित करती रही है और इस मामले में भी जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।
एसपी कर रहे मामले की निगरानी
बताया जा रहा है कि एसपी अजय कुमार खुद इस मामले की निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन भी इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर रहा है।
Also Read : पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज की

