Ranchi : रांची पुलिस ने पेट्रोल पंप पर डकैती और लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का खुलासा करते हुए 10 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले कुछ दिनों से रांची के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार वारदात को अंजाम दे रहा था, जिससे आम लोगों और पेट्रोल पंप कर्मियों में दहशत का माहौल बना हुआ था। गिरफ्तार अपराधियों के नाम जहीर, फरहान, शेख जीमल, अरसलान खान, फैजान, शोएब अंसारी, शाहबाज सलमान, कासिफ यूसुफ, शेख मुजम्मिल और राजा खान बताए गए हैं।
पुलिस ने हथियार और लूट का सामान किया बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से कई आपत्तिजनक सामान बरामद किया है। इनमें एक रिवॉल्वर, छह चाकू, मोबाइल फोन, बाइक, नकदी सहित अन्य लूट से जुड़े सामान शामली हैं।
पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों के पास से जो सामान बरामद हुआ है, वह पेट्रोल पंप लूट और अन्य घटनाओं में इस्तेमाल किया गया था।
टाटीसिल्वे, बीआईटी मेसरा और पुंदाग में पेट्रोल पंप बने निशाना
जांच में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह रांची के टाटीसिल्वे, बीआईटी मेसरा और पुंदाग इलाके में लगातार पेट्रोल पंपों को निशाना बना रहा था। रात के समय या सुनसान समय में यह गिरोह पेट्रोल पंप कर्मियों को डराकर नकदी और मोबाइल लूट लेता था।इतना ही नहीं, गिरोह ने ओरमांझी इलाके में चाकूबाजी और लूटपाट की वारदात को भी अंजाम दिया था।
शाहबाज सलमान के खिलाफ दर्ज हैं 16 मामले
गिरफ्तार अपराधियों में शाहबाज सलमान का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। पुलिस के अनुसार शाहबाज सलमान लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था और लगातार वारदात कर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने मीडिया को बताया कि शाहबाज सलमान पर रांची के अलग-अलग थानों में कुल 16 मामले दर्ज हैं। इनमें चाहो, बरियातू, डोरंडा, धुर्वा सहित अन्य कई थाना क्षेत्र शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि शाहबाज सलमान ही इस गिरोह का मास्टरमाइंड है और वारदात की योजना बनाकर साथियों को भेजता था।
जहीर और फरहान पर भी पहले से केस दर्ज
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी जहीर और फरहान खान पर पहले से सिकिदिरी थाना में मामला दर्ज है। इससे साफ है कि गिरोह के कई सदस्य पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
Also Read : टिटोस रेस्टोरेंट फा’यरिंग केस में रांची पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मुख्य शूटर हथियार के साथ गिरफ्तार

