Ranchi : रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित पिस्का मोड़ बैंक कॉलोनी में दो गुटों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मारपीट के दौरान हवाई फायरिंग की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मिली जानकारी के अनुसार, विवाद बिरला मैदान और ओटीसी ग्राउंड से जुड़े कुछ युवकों के बीच शुरू हुआ था। पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई हुई।
हवाई फायरिंग से दहशत
घटना के दौरान कुछ युवकों द्वारा हवाई फायरिंग भी की गई, जिससे आसपास के लोग सहम गए। गोली चलने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग अपने घरों में दुबक गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना में शामिल युवकों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
Also Read : साहिबगंज सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल मिलते ही मचा हड़कंप

