Khunti : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने खूंटी जिले के दोनों विधायकों को बड़ी जिम्मेदारी दी है। तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया और खूंटी के विधायक राम सूर्या मुंडा को पार्टी ने असम विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारक बनाया है। इसे क्षेत्र के बढ़ते राजनीतिक महत्व के रूप में देखा जा रहा है। दोनों विधायक गुरुवार सुबह गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए। वहां वे पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे। पार्टी की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार वे अलग-अलग इलाकों में जनसभाएं और बैठकें करेंगे।
अनुभव और जमीनी पकड़ पर भरोसा
पार्टी नेतृत्व का मानना है कि दोनों विधायकों की अपने क्षेत्र में मजबूत पकड़ है। लोगों से सीधा जुड़ाव और लंबे समय का राजनीतिक अनुभव उन्हें इस भूमिका के लिए उपयुक्त बनाता है। इसी वजह से उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
खूंटी की राजनीति को मिला नया पहचान
खूंटी की राजनीति हमेशा से आदिवासी अस्मिता और जनसरोकारों से जुड़ी रही है। अब यहां के जनप्रतिनिधियों को दूसरे राज्य में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी मिलना यह दिखाता है कि यह इलाका अब राज्य से बाहर भी अपनी पहचान बना रहा है।
जनता को दिया भरोसा, काम प्रभावित नहीं होगा
करीब एक सप्ताह के असम प्रवास को देखते हुए दोनों विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया है कि विकास कार्यों पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वे मोबाइल के जरिए लगातार लोगों के संपर्क में रहेंगे। किसी भी जरूरी काम के लिए तुरंत निर्णय लिया जाएगा।
जरूरी काम के लिए प्रतिनिधियों से संपर्क की अपील
दोनों विधायकों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जरूरी काम के लिए उनके प्रतिनिधियों से संपर्क करें। इससे काम में देरी नहीं होगी और समस्याओं का समाधान समय पर हो सकेगा। इस फैसले के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि खूंटी का महत्व अब राज्य की सीमाओं से आगे बढ़ता नजर आ रहा है।
Also Read : रांची के पिस्का मोड़ बैंक कॉलोनी में मा’रपीट और हवाई फा’यरिंग, पुलिस जुटी जांच में



