Sahebganj : साहिबगंज जिले के सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई थी। जैसे ही इसकी जानकारी मिली, कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। धमकी की खबर मिलते ही प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा दिया। कोर्ट में मौजूद वकील, कर्मचारी और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके साथ ही पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया। सूचना मिलते ही एसपी अमित कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते पूरा कोर्ट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त कर दी गई कि परिसर के अंदर और बाहर हर कुछ दूरी पर पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई। एसपी अमित कुमार साहिबगंज कोर्ट और राजमहल कोर्ट दोनों पर खुद नजर बनाएं हुए हैं।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने की जांच
धमकी की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। टीमों ने आधुनिक उपकरणों की मदद से कोर्ट परिसर के हर कोने, झाड़ियों और संदिग्ध जगहों की बारीकी से जांच की। फिलहाल शुरुआती जांच में कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था अभी भी कड़ी रखी गई है। साइबर टीम की मदद से ईमेल की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर ली जाएगी।
Also Read : बंद घर में ताला तोड़कर सेंधमारी, करीब 2 लाख का सामान ले उड़े चोर

