Palamu : पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी आवासीय स्कूल से चार नाबालिग छात्र-छात्राएं फरार हो गए। सभी बच्चे देर रात स्कूल से बाहर निकलकर अपने घर की ओर पैदल जा रहे थे। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सभी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
देर रात स्कूल से निकले छात्र-छात्राएं
मामला ज्ञान गंगा आवासीय स्कूल का है, जहां पढ़ने वाले दो लड़के और दो लड़कियां बुधवार देर रात चुपचाप स्कूल परिसर से निकल गए। चारों बच्चे पैदल ही अपने गांव की ओर जा रहे थे।
ग्रामीणों ने दी सूचना, पुलिस ने किया रेस्क्यू
रास्ते में कुछ ग्रामीणों को चारों बच्चे संदिग्ध स्थिति में नजर आए। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत तरहसी थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आनंद राम के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हुई और सभी बच्चों को सुरक्षित बरामद कर लिया।
35 किलोमीटर दूर है गांव, नक्सल क्षेत्र से गुजर रहा था रास्ता
पुलिस के मुताबिक, चारों बच्चों में दो-दो सगे भाई-बहन हैं। एक जोड़ी मनातू थाना क्षेत्र के मझौली गांव की रहने वाली है, जबकि दूसरी डुमरी इलाके की है। दोनों गांव स्कूल से करीब 35 किलोमीटर दूर हैं और यह इलाका नक्सल प्रभावित व जंगलों से घिरा हुआ है। ऐसे में समय रहते बच्चों का मिलना बड़ी राहत माना जा रहा है।
घर जाने के लिए निकले थे बच्चे
एसपी रीष्मा रमेशन ने मीडिया को बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्चों का रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे घर जाने के लिए निकले थे। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि बच्चों को पैदल जाते देखा गया था, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया।
स्कूल प्रबंधन की लापरवाही आई सामने
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है। जानकारी के अनुसार स्कूल में करीब 20 बच्चे पढ़ते हैं, लेकिन वहां नाइट गार्ड की व्यवस्था नहीं है। इतना ही नहीं, बच्चों के फरार होने की सूचना भी स्कूल की ओर से तुरंत पुलिस को नहीं दी गई।
जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जांच की जा रही है। साथ ही अन्य कानूनी पहलुओं पर भी विचार किया जा रहा है।
Also Read : पिठोरिया बिजली ग्रिड लूटकांड : रांची पुलिस को मिली बड़ी सफलता, आधा दर्जन अपराधी गिरफ्तार व कैश व सामान जप्त


