Andhra Pradesh : आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। एक निजी बस और ट्रक की टक्कर के बाद बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 13 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं 15 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा
यह हादसा रायवरम के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक बस जगतियाल से कलिगिरी जा रही थी और उसमें करीब 30 यात्री सवार थे। जैसे ही बस स्लैब खदानों के पास पहुंची, सामने से आ रहे बजरी लदे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और नियंत्रण में नहीं था, जिसके कारण यह टक्कर हुई।
टक्कर के बाद बस में लगी भीषण आग
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही मिनटों में बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। बस में आग फैलते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन बस के पिछले हिस्से में बैठे लोग फंस गए। माना जा रहा है कि पीछे बैठे यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वे जिंदा जल गए।
13 लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर
इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 15 से ज्यादा लोग घायल हैं। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घायलों को तुरंत मरकापुरम के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
राहत-बचाव में जुटी पुलिस और दमकल टीम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। मार्कपुरम के डीएसपी नागराजू ने बताया कि करीब 18 घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। साथ ही मृतकों की पहचान करने का काम जारी है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ शव अभी भी बस के अंदर फंसे हो सकते हैं, क्योंकि आग की वजह से हालात काफी मुश्किल हो गए थे।
मृतकों की पहचान में जुटी टीम
प्रशासन की टीम मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों को सूचना देने में जुटी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक ज्यादातर कनिगिरी इलाके के रहने वाले हो सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
इस दर्दनाक हादसे पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
हादसे की जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी और वजह से हुआ। स्थानीय प्रशासन ने भी कहा है कि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।


