Ranchi : राजधानी रांची में आने वाले रामनवमी पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में बुधवार (25 मार्च 2026) को डीजीपी तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
संवेदनशील इलाकों पर खास नजर
बैठक में डीजीपी ने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर के संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। ऐसे स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

जुलूस मार्ग का होगा भौतिक सत्यापन
रामनवमी के दौरान निकलने वाले जुलूस और शोभायात्राओं को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। डीजीपी ने निर्देश दिया कि सभी निर्धारित रूट का पहले से भौतिक सत्यापन किया जाए। रास्तों की स्थिति, ट्रैफिक व्यवस्था और संभावित बाधाओं का जायजा लेकर जरूरी सुधार करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर रहेगी कड़ी निगरानी
पर्व के दौरान अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को रोकने के लिए सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस को साफ तौर पर कहा गया कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई की जाए।
सभी अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में एडीजी मनोज कौशिक, रांची एसएसपी राकेश रंजन, रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह सहित सभी डीएसपी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
शांतिपूर्ण पर्व मनाने की अपील
प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाएं और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।
Also Read : रामनवमी मंगला जुलूस में पथराव के मुख्य साजिशकर्ता गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी


