Hazaribagh : हजारीबाग जिले के बरकट्ठा थाना क्षेत्र के गोरहर अंतर्गत ग्राम तुईयो में रामनवमी पर्व के दौरान निकाले गए मंगला जुलूस में पथराव की घटना सामने आई है। इस घटना में शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बीते 24 मार्च को बिना लाइसेंस एक जुलूस निकाला गया था। जुलूस में शामिल लोग निर्धारित मार्ग से हटकर लेवड़ा जमुआ की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। मौके पर तैनात दंडाधिकारी, अंचल अधिकारी बरकट्ठा और थाना प्रभारी ने जुलूस को निर्धारित रास्ते पर चलने के लिए समझाने की कोशिश की।
इसी दौरान जुलूस में मौजूद कुछ असामाजिक तत्व उग्र हो गए और प्रशासन एवं पुलिस बल पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को गंभीर होता देख पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए भीड़ को तितर-बितर कर दिया और बड़ी घटना होने से रोक लिया।
घटना के बाद पुलिस ने वीडियो और फोटो के आधार पर उपद्रवियों की पहचान की। इस मामले में गोरहर थाना कांड संख्या 12/26, दिनांक 25 मार्च 2026 के तहत 41 नामजद और 240 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बरही एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना के मुख्य साजिशकर्ता उतीम महतो और राजेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस की अपील
हजारीबाग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि रामनवमी जैसे पवित्र पर्व को शांति, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ संदेश या गलत सूचना से दूर रहें। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर रखी जा रही है। आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध या भ्रामक सूचना की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति समिति के निर्देशों का पालन करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया है।
Also Read : रांची में CBI की बड़ी कार्रवाई : रेलवे के मुख्य वाणिज्यिक निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा


