Jamshedpur : जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने मंगलवार सुबह एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी मो. तौफीक उर्फ बाबू (25) रोड नंबर 17 का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह पहले भी कई बार बाइक चोरी के मामलों में जेल जा चुका है, लेकिन बाहर आते ही फिर से चोरी की वारदातों में जुट गया था। पुलिस को खबर मिली थी कि तौफीक चोरी की बाइक का इस्तेमाल कर रहा है और उसे अपने घर में छिपाकर रखा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट हो गई। बिना देर किए पूरे मामले की पुष्टि की गई और फिर उसके घर पर छापेमारी की गई।
घर से ही बरामद हुई चोरी की बाइक
छापेमारी के दौरान पुलिस को घर से चोरी की बाइक मिल गई। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है और आरोपी को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुराना खिलाड़ी, फिर से सक्रिय
पुलिस का कहना है कि तौफीक पहले भी कई मामलों में जेल जा चुका है। कुछ समय शांत रहने के बाद वह फिर से एक्टिव हो गया था। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह अकेले काम कर रहा था या किसी गिरोह के साथ जुड़ा हुआ है।
और भी मामलों का खुलासा संभव
पूछताछ के दौरान पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि उसने अब तक कितनी बाइक चोरी की हैं और किन-किन इलाकों में वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरफ्तारी से कई और मामलों का खुलासा हो सकता है।
छापेमारी टीम में ये रहे शामिल
इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार ने किया। उनके साथ एसआई पवन कुमार, श्रीकांत कुमार, आरक्षी राम विलास प्रसाद और राम किशोर समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे।
Also Read : रामनवमी पर पलामू अलर्ट, पाटन के दो दर्जन गांवों में पुलिस का फ्लैग मार्च


