पश्चिम सिंहभूम : नोवामुंडी में हुई एक दिन की बारिश ने सफाई व्यवस्था की असली तस्वीर सामने ला दी। हल्की बारिश के बाद ही ओवरब्रिज पर जगह-जगह पानी जमा हो गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। खासकर बाइक सवारों के लिए हालात काफी खतरनाक हो गए, क्योंकि सड़क पर फिसलन बढ़ गई और हादसे का डर बना रहा।
जाम नालियों से नहीं हो पा रही पानी की निकासी
ओवरब्रिज पर बने पानी निकासी के छेद और नालियां पूरी तरह जाम हैं। बारिश का पानी नीचे जाने के बजाय पुल पर ही जमा हो रहा है।
यह कोई पहली बार नहीं है, हर बारिश में यही स्थिति बनती है, जिससे साफ है कि सफाई का काम सही तरीके से नहीं हो रहा।
सफाई के दावों की खुली पोल
स्थानीय लोगों का कहना है कि टाटा स्टील के वेंडर रोज सफाई का दावा करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत बिल्कुल अलग है।
नालियों में जमा गंदगी और गड्ढों की अनदेखी के कारण ओवरब्रिज हर बार बारिश में तालाब जैसा नजर आता है। इस लापरवाही पर लोगों ने नाराजगी जताई है।
ओवरब्रिज पर बढ़ा हादसे का खतरा
पानी जमा होने से सड़क पर फिसलन बढ़ गई है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही है। कई बार गाड़ी फिसलने की स्थिति बन रही है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
मुख्य सड़क की हालत भी खराब
नोवामुंडी से लखन साई होते हुए मेराल गड़ा जाने वाली मुख्य सड़क भी बदहाल है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर गया है। इससे रास्ता और भी खतरनाक हो गया है।
दोपहिया चालकों के लिए बना जोखिम भरा रास्ता
ग्रामीणों का कहना है कि गड्ढों में भरे पानी के कारण गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। सबसे ज्यादा परेशानी बाइक सवारों को झेलनी पड़ रही है।
जर्जर पुलिया से बढ़ी चिंता
इस मार्ग पर बने नाले की पुलिया भी काफी जर्जर हालत में है। ग्रामीणों का कहना है कि इसकी स्थिति ऐसी हो चुकी है कि कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन अब तक इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों की दिनचर्या पर असर
यह सड़क आसपास के सैकड़ों लोगों के लिए अहम रास्ता है। हाट-बाजार के दिन इसी रास्ते से लोगों की आवाजाही होती है।
लेकिन खराब सड़क और जलजमाव के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरब्रिज की नालियों की नियमित सफाई कराई जाए और पानी निकासी की व्यवस्था ठीक की जाए। साथ ही सड़क के गड्ढों को भरने और जर्जर पुलिया की मरम्मत जल्द कराने की भी अपील की है। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो बड़ा हादसा हो सकता है।
Also Read : झारखंड से हरियाणा जा रही अफीम की खेप पकड़ी, पलामू पुलिस ने दो तस्कर दबोचे

