Ranchi : रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित “द टीटोस रेस्टोरेंट” में घुसकर होटल स्टाफ की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने 9 दिन के भीतर बड़ा खुलासा किया है। इस कांड में शामिल गैंग के चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से तीन बदमाश धनबाद में हुए मुठभेड़ में घायल हो गए थे। गिरफ्तार बदमाशों के नाम कुबेर उर्फ मनीष सिंह उर्फ अमन सिंह, अफजल अमन उर्फ बाबर उर्फ विराट कोहली, पप्पू भुइया और मो शद्दाब आलम उर्फ डॉक्टर बताये गये। इनमें से कुबेर पलामू का रहने वाला है। वहीं बाकी के तीन आरोपी धनबाद के रहने वाले हैं। इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने किया।
सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया को बताया कि वारदात को बीते 7 मार्च की रात करीब 8:25 बजे अंजाम दिया गया था। गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गों ने रेस्टोरेंट में घुसकर स्टाफ मनीष गोप को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में 8 मार्च को एयरपोर्ट थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी राकेश रंजन ने एसआईटी का गठन किया। सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख और हटिया डीएसपी पीके मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने लगातार छापेमारी की।
धनबाद में घेराबंदी, मुठभेड़ में चली गोलियां
तफ्तीश के दरम्यान बीते 16 मार्च की सुबह पुलिस कप्तान को सूचना मिली कि प्रिंस खान के कुछ गुर्गे धनबाद के बोरागढ़-भागाबांध इलाके में एक खंडहरनुमा मकान में छिपे हैं। रांची और धनबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी जवाबी कार्रवाई में पुलिस को भी गोलियां चलानी पड़ी। इस मुठभेड़ में विक्की डोम और कुबेर सिंह के पैर में गोली लगी, जबकि अफजल अमन भागने के दौरान घायल हो गया। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस वाहन क्षतिग्रस्त, हथियार बरामद
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गश्ती गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। घटनास्थल से अवैध हथियार, गोलियां और खोखे बरामद किए गए हैं। वहीं, घटना में इस्तेमाल एक पल्सर बाइक और दो मोबाइल फोन जब्त किये गये हैं। इस संबंध में पुटकी थाना में अलग से मामला दर्ज किया गया है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पप्पू भुइया और शद्दाब आलम को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्रिंस खान-सुजीत सिन्हा गैंग का गठजोड़
जांच में सामने आया है कि इस हत्या की साजिश गैंगस्टर प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा ने मिलकर रची थी। दोनों गिरोह अब एक साथ मिलकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस को पूछताछ में गैंग के नेटवर्क से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिली हैं। एसपी का कहना है कि मामले में शामिल अन्य अपराधियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
Also Read : सुनसान इलाके में पेड़ से लटका मिला किशोरी का श’व, जांच में जुटी पुलिस


