Pakur : पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी ओपी परिसर में सोमवार को ईद और रामनवमी पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता ने की। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, स्थानीय नागरिक और समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य आने वाले दोनों पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने को लेकर लोगों से सहयोग की अपील करना था।
सभी लोग मिल-जुलकर मनाएं अपना-अपना पर्व
बैठक में ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता ने कहा कि ईद-उल-फितर और रामनवमी जैसे बड़े पर्व आने वाले हैं। ऐसे समय में पूरे क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपने-अपने त्योहार को खुशी और शांति के साथ मनाएं। किसी भी तरह का विवाद या तनाव पैदा करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से बचने की अपील
पुलिस ने खास तौर पर सोशल मीडिया को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। ओपी प्रभारी ने कहा कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर किसी भी तरह की भड़काऊ या विवादित पोस्ट नहीं करनी चाहिए। अगर कोई व्यक्ति इस तरह की गतिविधि करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पर्व के दौरान डीजे और शराब से बचने की सलाह
बैठक में यह भी बताया गया कि पर्व के दौरान डीजे का प्रयोग नहीं किया जाए। साथ ही लोगों से अपील की गई कि त्योहार के दिन शराब का सेवन करने से बचें, ताकि माहौल शांतिपूर्ण बना रहे। पुलिस ने कहा कि अगर क्षेत्र में कोई व्यक्ति किसी तरह का विवाद पैदा करने की कोशिश करता है तो इसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
Also Read : सेक्टर-12 में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला की हादसे में मौ’त, लोगों ने किया हाईवे जाम

