Chaibasa : चाईबासा सदर थाना क्षेत्र स्थित चाईबासा जेल के मेन गेट के पास हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के महुडंडवा गांव निवासी समीर अंसारी उर्फ नसरू के रूप में हुई है। वह कुख्यात अपराधी सुजीत सिन्हा के गिरोह का गुर्गा बताया जा रहा है। कांड के करीब डेढ़ साल बाद पुलिस को यह सफलता मिली है।
डीएसपी तरुण कुमार ने रविवार को मीडिया को बताया कि 6 अक्टूबर 2024 को अज्ञात अपराधियों ने चाईबासा जेल के मेन गेट के पास फायरिंग की थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना में कांड संख्या 79/2024 दर्ज किया था। 16 अक्टूबर 2024 को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मानवीय अनुसंधान के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए समीर अंसारी उर्फ नसरू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल अन्य साथियों के नाम भी बताए हैं। पुलिस के अनुसार इस वारदात में शामिल सभी आरोपी सुजीत सिन्हा गिरोह से जुड़े हुए हैं।
आरोपी की निशानदेही पर बाइक बरामद
डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस बाइक के मालिक और वारदात में उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
पहले से भी दर्ज हैं आपराधिक मामले
डीएसपी के अनुसार समीर अंसारी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ डाल्टनगंज के शहर थाना में भी आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 33/2025 दर्ज है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी सह डीएसपी तरुण कुमार के साथ एसआई उपेंद्र नारायण सिंह, श्रीकांत कुमार और सदर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Also Read : गुब्बारे से केमिकल रिएक्शन तक… IIT-ISM ने BCCL प्रभावित बच्चों को मजेदार तरीके से सिखाया विज्ञान


