Palamu : पलामू जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ माने जाने वाले एनआरएचएम कर्मी गुजरे चार महीने से बकाया वेतन न मिलने के चलते गुरुवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। वे अपनी मांगों को लेकर एमएमसीएच परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। बताया गया है कि वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक तंगी झेल रहे कर्मचारियों ने मंगलवार को पलामू समाहरणालय में डीसी को ज्ञापन सौंपा था और मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी थी। निर्धारित समयावधि में कोई समाधान न मिलने के कारण गुरुवार से सभी कर्मी हड़ताल पर चले गए। हड़ताल के चलते अस्पताल की व्यवस्थाओं पर असर पड़ा है। मरीज इलाज के लिए इधर-उधर भटकते नजर आ रहे हैं और परिसर में अफरातफरी का माहौल है।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने दिन-रात ड्यूटी निभाई, लेकिन पिछले चार से छह महीनों से वेतन नहीं मिला। वे कई बार सिविल सर्जन और विभागीय अधिकारियों से भी इस समस्या को लेकर मिले, और डीसी से भी गुहार लगाई, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। हर बार तकनीकी समस्या का हवाला देकर भुगतान टाल दिया गया।
कर्मचारियों ने बताया कि लंबे समय तक वेतन न मिलने से उनके घर की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है। बच्चों की स्कूल फीस और मकान का किराया देना मुश्किल हो गया है, और मकान मालिक भी घर खाली करने की चेतावनी दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं होगा, हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि हड़ताल के कारण स्वास्थ्य सेवाओं में होने वाली किसी भी परेशानी के लिए विभाग और प्रशासन जिम्मेदार होंगे।
उनकी मुख्य मांगों में नवंबर 2025 से लंबित वेतन का तुरंत भुगतान, भविष्य में वेतन की नियमितता सुनिश्चित करना, और केवल आश्वासन नहीं बल्कि लिखित आदेश और उसका क्रियान्वयन शामिल है। धरना प्रदर्शन में चंचला कुमारी, शबाना, सतेंद्र कुमार, सुजीत कुमार, चन्दन कुमार, अनुज श्रीवास्तव, श्रीपति, रंजन कुमार, दुर्गेश सिंह, सुजीत मिंज सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे।
Also Read : झारखंड विधानसभा में रजिस्ट्री पोर्टल पर सवाल, विधायक नवीन जायसवाल ने सरकार को घेरा



