Ranchi : रामनवमी के मौके पर हजारीबाग में डीजे बजाने पर लगाए गए प्रतिबंध को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा विधायक प्रदीप प्रसाद ने बुधवार को इस फैसले के खिलाफ कड़ी नाराजगी जताई और विधानसभा परिसर के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने राज्य सरकार पर हिंदू त्योहारों के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। धरने के दौरान विधायक ने कहा कि हजारीबाग की Ram Navami पूरे राज्य में अपनी भव्यता और परंपरा के लिए जानी जाती है। यहां हर साल बड़ी संख्या में लोग जुलूस और धार्मिक आयोजन में शामिल होते हैं। ऐसे में डीजे बजाने पर रोक लगाना लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ है।
रामनवमी महोत्सव को राजकीय दर्जा देने की मांग
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग की इंटरनेशनल श्री चैत रामनवमी की पहचान देश-विदेश तक है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस आयोजन को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया जाए। साथ ही रामनवमी के जुलूसों में डीजे बजाने की अनुमति भी दी जाए ताकि परंपरा के अनुसार कार्यक्रम आयोजित हो सकें।
प्रशासन को दी चेतावनी
विधायक ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो भी हजारीबाग में रामनवमी के मौके पर डीजे बजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन को जनता की धार्मिक भावनाओं और स्थानीय परंपराओं का सम्मान करना चाहिए।
मंगला जुलूस में डीजे जब्त
दरअसल मंगलवार को हजारीबाग में मंगला जुलूस के दौरान डीजे बजाने की सूचना मिलने पर जिला प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई की थी। मौके पर पहुंची टीम ने एक डीजे को जब्त कर लिया था। इसके बाद से ही इस मुद्दे पर विवाद शुरू हो गया।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी आयोजनकर्ताओं और आम लोगों से अपील की है कि पर्व-त्योहारों के दौरान डीजे का इस्तेमाल न करें और न्यायालय के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार त्योहारों में डीजे के प्रयोग पर रोक है। इसका उद्देश्य शांति और सौहार्द बनाए रखना है, ताकि सभी पर्व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें। प्रशासन ने कहा कि नियमों का पालन करते हुए ही जुलूस और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिससे किसी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या न हो। वहीं इस मुद्दे पर विधायक के विरोध के बाद मामला अब राजनीतिक रंग लेता दिखाई दे रहा है।
Also Read : एयरपोर्ट ह’त्याकांड के बाद फिर प्रिंस खान की धमकी, बोला– अगली बार घर पर चलेंगे गोली-बम

