Jamui : गिद्धौर-जमुई बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 62 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही महिला सड़क पर गिर गई और ट्रक का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
शादी समारोह में जा रही थी मां-बेटा
मृत महिला की पहचान जमुई थाना क्षेत्र के नीमारंग गांव निवासी बिरजू साव की पत्नी रुको देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उनका बेटा रतन साह उन्हें बाइक से लेकर लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के दिग्घी सुखासन गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था।
रास्ते में जैसे ही वे गिद्धौर-जमुई बाईपास के कोल्हुआ चौक के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार बालू लदे हाइवा ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रुको देवी बाइक से नीचे गिर गईं और ट्रक के पहिये के नीचे आ गईं।
चालक ट्रक छोड़कर फरार
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने ट्रक को घेरकर रोक लिया, लेकिन चालक मौका देखकर वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बाईपास सड़क को जाम कर दिया।
तीन घंटे तक लगा रहा जाम
ग्रामीणों के सड़क जाम करने के कारण करीब तीन घंटे तक गिद्धौर-जमुई बाईपास पर आवागमन पूरी तरह ठप रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने समझाकर हटवाया जाम
घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह, खैरा थानाध्यक्ष मिंटू सिंह, अंचल निरीक्षक संजय कुमार सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया।
बालू ट्रकों की रफ्तार पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि गिद्धौर-कोल्हुआ-जमुई बाईपास मार्ग पर जोगा झिंगोई बालू घाट से दिन-रात बालू लदे ट्रकों का परिचालन होता है। ये ट्रक अक्सर तेज रफ्तार में चलते हैं, जिससे इस सड़क पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण किया जाए और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आगे ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

