Jamshedpur : जमशेदपुर के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान XLRI को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को पूरे शहर में हड़कंप मच गया। संस्थान को यह धमकी एक अज्ञात ई-मेल के माध्यम से भेजी गई थी। ई-मेल मिलते ही संस्थान के अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस प्रशासन को इसकी सूचना दी गई। संस्थान के प्रमुख ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के एसएसपी पीयूष पांडेय से संपर्क कर धमकी भरे ई-मेल की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिष्टुपुर थाना प्रभारी को पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचने का निर्देश दिया। थोड़ी ही देर में पुलिस बल संस्थान पहुंच गया और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
एहतियात के तौर पर खाली कराया गया परिसर
धमकी को गंभीरता से लेते हुए एहतियात के तौर पर एक्सएलआरआइ के पूरे परिसर को खाली कराया गया। कक्षाओं, छात्रावासों और प्रशासनिक भवनों से छात्रों और कर्मचारियों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ता श्वान दस्ता की मदद से पूरे परिसर की गहन जांच कर रहा है। परिसर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
ई-मेल की जांच में जुटी साइबर सेल
साइबर सेल यह पता लगाने में लगा है कि धमकी भरा ई-मेल कहां से और किस इंटरनेट पते से भेजा गया है। तकनीकी जांच के माध्यम से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं बताई है। उनका कहना है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और जांच पूरी होने तक परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।
Also Read : वेतन से अवैध कटौती का आरोप, श्रमिक संघ ने CMD को सौंपा ज्ञापन, जांच और पैसे लौटाने की मांग


