Pakur : पाकुड़ नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। 12 मार्च को पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह होना है और उसी दिन उपाध्यक्ष पद का चुनाव भी होने की संभावना है। ऐसे में संभावित उम्मीदवार अपने समर्थन में पार्षदों को जोड़ने में जुट गए हैं। शहर में भी इस चुनाव को लेकर खूब चर्चा हो रही है।
11 पार्षदों के समर्थन की जरूरत
नगर परिषद में कुल 21 पार्षद हैं। उपाध्यक्ष बनने के लिए किसी भी उम्मीदवार को कम से कम 11 पार्षदों का समर्थन चाहिए। यही वजह है कि संभावित उम्मीदवार लगातार पार्षदों से संपर्क कर रहे हैं और अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
राणा ओझा और असलम के बीच मुकाबले की चर्चा
फिलहाल नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद की दौड़ में वार्ड संख्या 5 के पार्षद राणा ओझा और वार्ड पार्षद असलम का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। शहर के राजनीतिक गलियारों और बाजारों में भी इन्हीं दोनों के बीच मुकाबले की चर्चा हो रही है। बताया जा रहा है कि राणा ओझा को अब तक करीब 13 पार्षदों का समर्थन मिलने की बात सामने आ रही है, जबकि असलम भी समर्थन जुटाने में लगे हुए हैं।
शपथ ग्रहण के साथ होगा चुनाव
12 मार्च को नव निर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दिन उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान भी कराया जा सकता है। चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह मतदान के आधार पर होगी और जिस उम्मीदवार को बहुमत मिलेगा, वही नगर परिषद का नया उपाध्यक्ष बनेगा।
शहर की नजर चुनाव पर
नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद को लेकर शहर में लोगों की दिलचस्पी भी बढ़ गई है। हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर किस पार्षद के सिर पर उपाध्यक्ष का ताज सजेगा। आने वाले एक दो दिनों में समर्थन का समीकरण साफ होने की उम्मीद है।
Also Read : वेतन से अवैध कटौती का आरोप, श्रमिक संघ ने CMD को सौंपा ज्ञापन, जांच और पैसे लौटाने की मांग

