Pakur : पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के तलवाडागा गांव में 4 मार्च को हुई देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम खुदु मंडल और कृष्णा मिश्रा बताये गये। दोनों मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के बहिरग्राम के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए तीन मोटरसाइकिल और एक कार भी जब्त की है। बाकी आरोपियों की तलाश में एसआईटी लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, तलवाडागा गांव में 4 मार्च को देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने नगर थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर 5 मार्च को पाकुड़ नगर थाना कांड दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ एसपी निधि द्विवेदी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) बनाई गई। टीम ने सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये वाहन किए गए बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक रॉयल एनफील्ड बुलेट (JH16F 2140), हीरो ग्लैमर (JH16D 4300), हीरो पैशन प्रो (JH16F 6358) और हुंडई आई-20 कार (JH16G 9689) जब्त की है। माना जा रहा है कि इन वाहनों का इस्तेमाल घटना के दौरान किया गया था।
एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी खुदु मंडल के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ पाकुड़ नगर थाना में 2025 और 2022 में भी केस दर्ज हो चुका है।
न्यायालय में पेशी की तैयारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है। वहीं इस कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतक पर भी दर्ज थे 5 मामले
पुलिस के अनुसार, मृतक देवराज सरकार उर्फ नमुआ सरकार के खिलाफ भी पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में कुल पांच मामले दर्ज थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।
Also Read : प्लाई गोदाम में लगी भीषण आग, चार झुलसे, फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा


