Jamtara : मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 2 के बादोलीगढ़ में कल रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 14 वर्षीय छात्र आयुष शर्मा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आयुष संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल, चित्तरंजन में कक्षा 9 का छात्र था। घटना शनिवार शाम करीब 8 बजे हुई।
घर में अकेला था छात्र
बताया जा रहा है कि आयुष घर में अकेला था। उसने एल्युमिनियम की सीढ़ी का सहारा लेकर कमरे की छत के हुक में रस्सी का फंदा बनाया और फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। आयुष अपनी मां और नानी के साथ रहता था। घटना के समय दोनों बाजार गई हुई थीं।
मां और नानी के लौटने पर पता चला
जब आयुष की मां और नानी बाजार से घर लौटीं, तो उन्होंने उसे फंदे से लटका पाया। दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत मिहिजाम पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने के बाद पुलिस दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि आयुष का वार्षिक परीक्षा चल रहा था और शनिवार को उसने गणित की परीक्षा दी थी। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।घटना के बाद से परिजन गहरे सदमे में हैं और रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले में भी शोक की लहर है।
Also Read : ईद को लेकर पाकुड़ के बाजारों में बढ़ी रौनक, सेवई और कपड़ों की दुकानों पर उमड़ी भीड़

