Chaibasa : झारखंड में नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियान को और तेज करने के उद्देश्य से CRPF केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के DG ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह शुक्रवार को चाईबासा पहुंचे। यहां स्थित समाहरणालय में उन्होंने राज्य पुलिस और CRPF के आला अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की और नक्सल विरोधी अभियानों की मौजूदा स्थिति का आकलन किया।
सारंडा और कोल्हान में चल रहे ऑपरेशन की समीक्षा
बैठक के दौरान सारंडा वन क्षेत्र और कोल्हान क्षेत्र के घने जंगलों में सक्रिय नक्सली संगठनों के खिलाफ चल रहे अभियानों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने हाल के दिनों में हुई मुठभेड़ों, बरामद किए गए आईईडी और सुरक्षा बलों की रणनीति को लेकर भी जानकारी साझा की।
बेहतर समन्वय और मजबूत खुफिया तंत्र पर जोर
CRPF डीजी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नक्सल विरोधी अभियानों को और प्रभावी बनाने के लिए सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही खुफिया तंत्र को मजबूत करने और नक्सलियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि सटीक सूचना तंत्र के बिना नक्सलियों पर प्रभावी कार्रवाई संभव नहीं है।
आपूर्ति नेटवर्क तोड़ने की रणनीति
समीक्षा बैठक में नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों की तैनाती, ग्रामीणों के साथ संवाद बढ़ाने और नक्सलियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को सख्ती से लागू करने पर भी विचार किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि नक्सलियों की आपूर्ति व्यवस्था और उनके सहयोगी नेटवर्क को खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
ग्रामीणों को मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर
बैठक में यह भी कहा गया कि स्थानीय ग्रामीणों के साथ बेहतर तालमेल बनाकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाए, ताकि नक्सलियों को सामाजिक समर्थन से अलग किया जा सके।
40 दिनों में दूसरा चाईबासा दौरा
वर्तमान में कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में सीआरपीएफ डीजी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। खास बात यह है कि पिछले 40 दिनों के भीतर यह उनका दूसरा चाईबासा दौरा है। इससे पहले वे 19 जनवरी को भी यहां आए थे। कम समय में दोबारा हुए इस दौरे को सुरक्षा एजेंसियां नक्सलियों के खिलाफ बड़े और निर्णायक अभियान की तैयारी के संकेत के तौर पर देख रही हैं।
Also Read : दुमका की सुदीपा दत्ता ने UPSC में हासिल किया 41वां रैंक, घर में रहकर की थी तैयारी


