Ranchi : दुमका की रहने वाली सुदीपा दत्ता ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 41वां रैंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। जैसे ही परिणाम की खबर सामने आई, लोगों ने उन्हें बधाई देना शुरू कर दिया। परिजन, दोस्त और परिचित सभी उनकी इस सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। सुदीपा मूल रूप से दुमका जिले के कुमड़ाबाद की रहने वाली हैं। उनके पिता सच्चिदानंद दत्ता डाकघर में पोस्टमास्टर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां पंपा दत्ता गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली सुदीपा ने अपनी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिल रही है।
तीसरे प्रयास में मिली सफलता
जानकारी के अनुसार यह सुदीपा का तीसरा प्रयास था। इससे पहले वह एक बार साक्षात्कार तक पहुंच चुकी थीं, लेकिन कुछ अंकों से अंतिम सूची में जगह बनाने से चूक गई थीं। हालांकि उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार तैयारी करती रहीं। उनकी मेहनत आखिरकार रंग लाई और इस बार उन्होंने शानदार रैंक के साथ परीक्षा पास कर ली।
दुमका में रहकर की तैयारी
सुदीपा की शुरुआती पढ़ाई सेंट जोसेफ स्कूल, बांका से हुई। इसके बाद उन्होंने सिदो-कान्हू हाई स्कूल, दुमका से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। स्नातक की पढ़ाई उन्होंने ए एंड कॉलेज, दुमका से की। खास बात यह है कि उन्होंने दुमका में रहकर ही यूपीएससी की तैयारी की। तैयारी के दौरान वह नियमित रूप से दुमका के राजकीय पुस्तकालय में पढ़ाई करती थीं। यहां होने वाले ग्रुप डिस्कशन और मॉक टेस्ट में भी वह सक्रिय रूप से हिस्सा लेती थीं, जिससे उनकी तैयारी और मजबूत हुई।
पहले भी हो चुका है चयन
सुदीपा की सफलता यह दिखाती है कि सीमित संसाधनों के बावजूद अगर मन में दृढ़ निश्चय और मेहनत करने का जज्बा हो तो बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है। इससे पहले उनका चयन झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) के माध्यम से सीडीपीओ पद के लिए भी हो चुका है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, मित्रों और शिक्षकों ने खुशी जताई है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। वहीं दुमका के लोगों का कहना है कि सुदीपा की सफलता से जिले के युवाओं को नई प्रेरणा मिलेगी।
Also Read : जमशेदपुर में अतिक्रमण हटाओ अभियान, 50 साल पुरानी 15 दुकानें टूटी


