Ranchi : झारखंड में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। सीएम हेमंत सोरेन और टाटा सन्स के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में संयुक्त प्रेस वार्ता कर राज्य में बड़े निवेश की घोषणा की। चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा समूह झारखंड में नई टेक्नोलॉजी आधारित निवेश करेगा। निवेश प्रस्तावों को लेकर राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हुई बैठक में औद्योगिक विस्तार, नई तकनीक और नॉलेज बेस्ड इंडस्ट्रीज पर विस्तार से चर्चा हुई।
“झारखंड से शुरू हुआ था टाटा का सफर”
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि टाटा समूह का झारखंड से पुराना रिश्ता है। इसी धरती से समूह ने अपने औद्योगिक सफर की शुरुआत की थी। आज यह समूह वैश्विक पहचान बना चुका है और देश के विकास में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि झारखंड में टाटा का यह नया निवेश राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती देगा और युवाओं के लिए अवसर बढ़ाएगा।
निवेश अनुकूल माहौल बना रहा राज्य
चंद्रशेखरन ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड में निवेश के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो रहा है। राज्य सरकार का स्पष्ट रोडमैप निवेशकों को आकर्षित कर रहा है। उन्होंने कहा कि बैठक में जिन बिंदुओं पर चर्चा हुई है, उनके सकारात्मक परिणाम जल्द दिखेंगे।
नॉलेज बेस्ड इंडस्ट्रीज पर फोकस
टाटा सन्स के चेयरमैन ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच के अनुरूप झारखंड में नॉलेज बेस्ड इंडस्ट्रीज स्थापित करने की दिशा में पहल की जाएगी। इसके लिए राज्य सरकार और टाटा समूह के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाई जाएगी। इस पहल का मकसद राज्य में परंपरागत उद्योगों के साथ ज्ञान और तकनीक आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना है।
नई टेक्नोलॉजी पर बड़ा निवेश
झारखंड में पहले से ही टाटा स्टील और टाटा मोटर्स जैसे बड़े प्रतिष्ठान कार्यरत हैं। अब इन इकाइयों में नई टेक्नोलॉजी के जरिए उत्पादन प्रक्रिया को और आधुनिक बनाया जाएगा। टाटा स्टील में नई तकनीक के इस्तेमाल से प्रदूषण नियंत्रण के साथ उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना है। वहीं उन्नत हाइड्रोजन बेस्ड वाहन निर्माण की दिशा में भी कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इससे राज्य में ग्रीन इंडस्ट्री को बढ़ावा मिलेगा।
CSR का दायरा बढ़ेगा, स्किल डेवलपमेंट पर जोर
चंद्रशेखरन ने कहा कि टाटा समूह झारखंड के सामाजिक विकास में अपनी भागीदारी और बढ़ाएगा। सीएसआर गतिविधियों का दायरा और बजट दोनों बढ़ाए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। राज्य के युवाओं के कौशल विकास में टाटा समूह सरकार का साझेदार बनेगा। आधुनिक उद्योगों की जरूरत के मुताबिक युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार के नए अवसर तैयार किए जाएंगे।
Also Read : रांची में 2–3 सितंबर को अंतरराष्ट्रीय चुनाव सम्मेलन, मतदाता पंजीकरण पर जुटेंगे देश-विदेश के विशेषज्ञ


