Ranchi : झारखंड के लिए आज का दिन काफी महत्वपूर्ण है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए राज्य सरकार अपनी योजनाओं और प्राथमिकताओं का खाता सदन में पेश करने जा रही है। थोड़ी ही देर में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर विधानसभा में बजट पेश करेंगे। इस बार बजट पारंपरिक लाल बस्ते की जगह हरे रंग के बस्ते में लाया गया है, जो पहले ही चर्चा का विषय बन चुका है।
हरा बस्ता और नया अंदाज
हरे रंग के बस्ते में बजट पेश करना एक नया कदम माना जा रहा है। इससे यह संकेत मिलता है कि सरकार विकास, हरित ऊर्जा, पर्यावरण और सतत योजनाओं पर भी ध्यान दे रही है। सत्ता और विपक्ष के सभी नेता विधानसभा में मौजूद हैं और बजट सत्र को लेकर हलचल अपने चरम पर है।
जनता की उम्मीदें
राज्य की जनता की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि सरकार विकास, रोजगार, शिक्षा और बुनियादी ढांचे को लेकर क्या बड़े ऐलान करती है। पिछले बजट से जुड़े कुछ बड़े प्रोजेक्ट्स और नए योजनाओं पर भी सबकी निगाह है।
सत्तापक्ष और विपक्ष की तैयारी
बजट पेश होने से पहले सत्ता पक्ष के नेता अपने भाषण और योजनाओं के नोट्स तैयार कर चुके हैं। विपक्ष भी हर पहलू पर कड़ी नजर रखे हुए है। उम्मीद की जा रही है कि बजट में आम जनता, किसानों और युवाओं के लिए बड़े ऐलान होंगे। झारखंड की राजनीतिक और आर्थिक गतिविधियों पर आज सबकी नजरें टिकी हैं, और थोड़ी देर में ही पता चल जाएगा कि हरे बस्ते में क्या ‘सपनों का पैकेज’ रखा गया है।

