Chatra : झारखंड में सोमवार की रात एक बड़ा विमान हादसा हो गया। Redbird Airways Pvt. Ltd. की एयर एंबुलेंस, जो Ranchi से दिल्ली जा रही थी, चतरा के सिमरिया क्षेत्र के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया गया कि रांची से दिल्ली जा रही एयर एंबुलेंस से वायरलेस सिग्नल के माध्यम से आखिरी बार शाम करीब 7:30 बजे पलामू–गढ़वा इलाके में संपर्क हुआ था। इसके बाद विमान से संपर्क टूट गया। कुछ ही देर बाद यह एयर एंबुलेंस चतरा जिले के सिमरिया क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त पाई गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में कुल 7 लोग सवार थे। इनमें 1 मरीज, 1 डॉक्टर, 1 पैरामेडिक, 2 अटेंडेंट, 1 पायलट और 1 को-पायलट शामिल थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद चतरा पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
| क्रम संख्या | नाम | राष्ट्रीयता | श्रेणी | भूमिका / विवरण |
|---|---|---|---|---|
| 1 | कैप्टन विवेक विकास भगत | भारतीय | वयस्क | पायलट (PIC) |
| 2 | कैप्टन सवराजदीप सिंह | भारतीय | वयस्क | को-पायलट |
| 3 | श्री संजय कुमार | भारतीय | वयस्क | मरीज |
| 4 | श्रीमती अर्चना देवी | भारतीय | वयस्क | अटेंडेंट |
| 5 | श्री धुरु कुमार | भारतीय | वयस्क | अटेंडेंट |
| 6 | डॉ. विकास कुमार गुप्ता | भारतीय | वयस्क | डॉक्टर |
| 7 | श्री सचिन कुमार मिश्रा | भारतीय | वयस्क | पैरामेडिक |
आखिरी संपर्क पलामू-गढ़वा क्षेत्र में
बताया जा रहा है कि विमान का वायरलेस सिग्नल शाम करीब 7:30 बजे पलामू/गढ़वा इलाके में आखिरी बार मिला था। इसके बाद विमान से संपर्क टूट गया। कुछ समय बाद सिमरिया क्षेत्र में विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना सामने आई।
तकनीकी खराबी की आशंका
विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के पीछे तकनीकी खराबी या अन्य कारण होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
उड़ान का विवरण
जानकारी के मुताबिक विमान ने रांची से 1337 UTC (1907 IST) पर उड़ान भरी थी। यह एक मेडिकल फ्लाइट थी, जिसमें मरीज को इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। विमान की अनुमानित आगमन समय दिल्ली में 1630 UTC (2200 IST) बताया गया था।
रात में राहत कार्य में दिक्कत
घटना रात के समय होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयां आ रही हैं। फिर भी प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र घटनास्थल को घेर लिया है और आम लोगों से वहां न जाने की अपील की है।
Also Read : रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस चतरा में क्रैश, सात लोग थे सवार… देखें वीडियो


