Ranchi : झारखंड में नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत 23 फरवरी को मतदान छिटपुट घटनाओं के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जिसमें शहरी मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोपहर के बाद मतदान की रफ्तार तेज होती दिखी और शाम 5 बजे तक कई नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत क्षेत्रों में मतदान प्रतिशत 50 से 70 प्रतिशत के बीच पहुंच गया।
राज्यभर में कुल 4307 मतदान केंद्रों पर औसतन करीब 61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। प्रशासन के अनुसार मतदान प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे, जिससे मतदाता बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।
प्रमुख नगर निकायों में मतदान का हाल
- मेदिनीनगर नगर निगम में शाम तक मतदान 57 प्रतिशत से अधिक रहा।
- गढ़वा नगर परिषद और आसपास की नगर पंचायतों में भी 60 प्रतिशत के करीब मतदान दर्ज किया गया।
- हजारीबाग नगर निगम में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मतदान 58 प्रतिशत से ऊपर पहुंचा।
- गिरिडीह नगर निगम में मतदान का प्रतिशत 54 से 60 के बीच रहा।
- धनबाद नगर निगम में शुरुआती घंटों में मतदान धीमा रहा, लेकिन शाम तक यह 40 प्रतिशत से अधिक हो गया।
- राजधानी राँची नगर निगम में मतदान की गति अपेक्षाकृत धीमी रही, जहां शाम तक करीब 43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

ग्रामीण-शहरी मिश्रित क्षेत्रों में बेहतर भागीदारी
छोटे नगर परिषदों और नगर पंचायतों में मतदाताओं का उत्साह ज्यादा देखने को मिला। राजमहल, बरहरवा, पाकुड़, दुमका, मिहिजाम, जामताड़ा, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा, चाईबासा, आदित्यपुर, मानगो और जुगसलाई जैसे क्षेत्रों में कई जगहों पर 65 से 75 प्रतिशत तक मतदान दर्ज किया गया।
प्रशासन की सतर्कता
चुनाव आयोग और जिला प्रशासन ने मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
Also Read : पलामू में रेलवे ट्रैक पर मिला बिहार की महिला का श’व


