Ranchi : नगर पालिका (आम) निर्वाचन 2026 को लेकर रांची जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। रांची नगर निगम और बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियों की रवानगी 22 फरवरी 2026 को मोरहाबादी फुटबॉल स्टेडियम स्थित डिस्पैच सेंटर से की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि मतदान से पहले की सभी व्यवस्थाएं तय समय पर पूरी कर ली गई हैं।
शनिवार रात जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने डिस्पैच सेंटर का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान सामग्री, बैलेट पेपर, मतदाता सूची, आवश्यक प्रपत्र, सील, सुरक्षा उपकरण, वाहनों की उपलब्धता और कर्मियों के लिए की गई सुविधाओं की बारीकी से जांच की। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन हो।

डिस्पैच सेंटर में ये हैं व्यवस्थाएं
डिस्पैच सेंटर में पोलिंग पार्टियों के लिए बैठने और प्रतीक्षा की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। इसके अलावा पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी, मेडिकल सहायता और सुरक्षा बलों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। वाहनों की सुचारु आवाजाही के लिए अलग मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था भी की गई है, ताकि पोलिंग पार्टियों को समय पर उनके गंतव्य तक भेजा जा सके।
23 फरवरी को होगा मतदान
मतदान 23 फरवरी 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। रांची नगर निगम क्षेत्र के 53 वार्डों में कुल 909 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। वहीं बुंडू नगर पंचायत क्षेत्र के मतदान केंद्रों के लिए भी पोलिंग पार्टियों की रवानगी इसी डिस्पैच सेंटर से की जाएगी।
सुरक्षा पर खास जोर
प्रशासन ने बताया कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मतदान के दिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी राकेश रंजन सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मतदाताओं से अपील
जिला प्रशासन ने मतदाताओं, प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों से शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग करने की अपील की है। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए रांची जिला प्रशासन के आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर अबुआ साथी – 9430328080 पर संपर्क किया जा सकता है।
Also Read : छह माह से हो रही थी रेकी, किराये के मकान में हुई प्लानिंग… कैरव गांधी अपहरण कांड का बड़ा खुलासा


