Chaibasa : चाईबासा के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के परमसाई गांव में हुए बैशाखू ग्वाला की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों के नाम पराय बोदरा उर्फ डुडरु बोदरा (32) और राम गागराई उर्फ बोतल राम गागराई (30) बताये गये। दोनों आरोपी हाटगम्हरिया के ही रहने वाले हैं और मृतक के दोस्त हैं। दोनों को गिरफ्तार के न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। चाईबासा पुलिस के अनुसार बीते 15 फरवरी को परमसाई गांव के तालाब में एक शख्स की लाश मिली थी। लाश की शिनाख्त बैशाखू ग्वाला के तौर पर की गयी थी। वह भुईयांसाई गांव का रहनेवाला था। पुलिस के अनुसार, बैशाखू अपने दो दोस्तों पराय बोदरा और बोतल राम गागराई के साथ मागे परब मनाने घर से बुलाया गया। तीनों ने साथ में शराब पी और कालीमाटी गांव की ओर जाने लगे।
रास्ते में हुआ झगड़ा, गुस्से ने ली जान
जांच में सामने आया कि रास्ते में नशे की हालत में बैशाखू ने पराय बोदरा को थप्पड़ मार दिया। इसपर पलटकर पराय बोदरा ने भी उसपर वार किया। बैशाखू ने नशे की हालत में फिर से पराय बोदरा को थप्पड़ मारा। जिसके बाद गुस्साये पराय बोदरा ने अपने दूसरे दोस्त बोतल राम के साथ मिलकर बैशाखू को झाड़ी में पटकना शुरू कर दिया। झाड़ी में गिरने से बैशाखू का गला कट गया और खून बहने लगा। नशे में दोनों ने मिलकर बैशाखू का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद पराय और बोतल राम ने शव को पास के तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने बताया कि दोनों अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
इस मामले का खुलासा करने में हाटगम्हरिया थानेदार उत्तम तिवारी, एसआई सहदेव मंडल, एएसआई यदुनन्दन महतो, सुकलाल टुडू और सत्यलाल राम की भूमिका सराहनीय रही।
Also Read : आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई : एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच से 59 बोतल शराब के साथ तीन तस्कर को दबोचा


