Ranchi : राजधानी के सुखदेवनगर थाना के पीछे स्थित खादगढ़ा, महुआ टोली इलाके में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान घंटों हंगामा होता रहा। करीब 27 कट्ठा जमीन पर बने 10 मकानों को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए।
सुबह से जुटी थी टीम, दोपहर तक बढ़ा तनाव
मंगलवार सुबह ही प्रशासनिक टीम, पुलिस बल और बुलडोजर मौके पर पहुंच गए थे। जैसे ही तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू हुई, स्थानीय लोग विरोध में उतर आए। महिलाएं और बच्चे भी सड़क पर बैठ गए और कार्रवाई रोकने की मांग करने लगे। लोगों का कहना था कि ये घर उन्होंने वर्षों पहले बनाए थे और यहीं रहकर गुजर-बसर कर रहे थे। अचानक तोड़फोड़ से वे पूरी तरह बेघर हो गए हैं।
जमीन मालिक का दावा, मामला कोर्ट में
बताया जा रहा है कि यह 27 कट्ठा जमीन महादेव उरांव की है। जमीन को लेकर मामला पहले से हाईकोर्ट में चल रहा था। महादेव उरांव के पक्ष में कोर्ट का आदेश आने के बाद प्रशासन ने यह कार्रवाई की है। प्रशासन का कहना है कि जमीन पर अवैध कब्जा था और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अतिक्रमण हटाया गया।

10 घर जमींदोज, परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल
करीब 10 मकानों को बुलडोजर से तोड़ दिया गया। कई घरों का सामान बाहर ही पड़ा रह गया। लोग अपने टूटे हुए घरों के सामने खड़े होकर रोते-बिलखते नजर आए। कुछ परिवारों ने कहा कि उनके पास अब रहने की कोई जगह नहीं है। बच्चों की पढ़ाई और रोजमर्रा की जिंदगी पर भी इसका सीधा असर पड़ेगा।
रांची में अतिक्रमण हटाने पर बवाल : इस इलाके में 10 घर तोड़े, परिवार बेघर pic.twitter.com/oWQRrLbDtQ
— Johar Live (@joharliveonweb) February 10, 2026
पुलिस बल तैनात, स्थिति अब नियंत्रण में
हंगामे को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की। कुछ देर तक नोकझोंक और नारेबाजी भी हुई, लेकिन बाद में स्थिति को काबू में कर लिया गया।
Also Read : निकाय चुनाव से पहले रांची में बड़ा एक्शन, कटहल मोड़ से 9 लाख कैश जब्त


