Chaibasa : शहर के व्यस्त मंगला हाट में उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब बाजार के बीचों-बीच बना पुराना और जर्जर शेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवाज के साथ शेड गिरते ही दुकानदारों और ग्राहकों में भगदड़ मच गई।
बैलों की लड़ाई बनी हादसे की वजह
स्थानीय दुकानदार बैद्यनाथ खलखो और दिवाकर प्रसाद ने बताया कि करीब चार बजे दो बैल आपस में लड़ते हुए शेड के पिलर से टकरा गए। पिलर पहले से ही काफी कमजोर हालत में था। टक्कर लगते ही वह दबाव नहीं झेल सका और पूरा शेड ढांचा ढह गया।
छप्पर गिरने से मचा हड़कंप
शेड गिरने के साथ ही उसके ऊपर लगा एजबेस्टस का छप्पर भी नीचे आ गिरा। अचानक हुई इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज धमाके की आवाज सुनते ही दुकानदार अपनी दुकानों से बाहर निकलकर इधर-उधर भागने लगे।
मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त, एक व्यक्ति घायल
हादसे में एक मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं एक व्यक्ति को हल्की चोट लगने की सूचना है। घायल को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। राहत की बात यह रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
भीड़ कम थी, वरना हो सकता था बड़ा हादसा
दुकानदारों का कहना है कि घटना शाम चार बजे के आसपास हुई, जब बाजार में आम दिनों के मुकाबले कम भीड़ रहती है। अगर यही हादसा दो घंटे पहले होता, तो उस समय बाजार में भारी भीड़ होने के कारण जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था।
दुकानदारों में नाराजगी, बोले—सुविधाओं की अनदेखी
मंगला हाट में पिछले 25 से 35 वर्षों से कारोबार कर रहे दुकानदारों ने प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई। दुकानदारों का कहना है कि उनसे नियमित रूप से भाड़ा वसूला जाता है, लेकिन इसके बावजूद बाजार में बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दुकानदारों ने मांग की है कि जर्जर ढांचों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
Also Read : आतंकी नेटवर्क पर शिकंजा : क्राइम ब्रांच ने दो संदिग्धों को जमशेदपुर से उठाया


