Johar Live Desk : भारतीय शेयर बाजारों में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में गिरावट देखी गई। बीएसई का सेंसेक्स 225.15 अंक गिरकर 83,088.78 पर और एनएसई का निफ्टी 89.25 अंक गिरकर 25,553.55 पर कारोबार कर रहा था। बाजार में यह सुस्ती मुख्य रूप से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) के फैसले से पहले निवेशकों की सतर्कता और विदेशी फंडों की लगातार निकासी के कारण देखी गई।
आईटी शेयरों में दबाव, बैंकिंग ने दी सहारा
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में टेक महिंद्रा, टीसीएस, इन्फोसिस और एचसीएल टेक के शेयर गिरावट में रहे। एशियन पेंट्स और एनटीपीसी के शेयरों में भी नुकसान हुआ। हालांकि, बजाज फाइनेंस, कोटक महिंद्रा बैंक, भारती एयरटेल और बजाज फिनसर्व के शेयरों में तेजी ने बाजार को थोड़ा सहारा दिया।
वैश्विक बाजारों का असर
अमेरिकी बाजारों में गिरावट का असर एशियाई बाजारों पर भी देखा गया। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंग सेंग नुकसान में रहे, जबकि जापान का निक्की और चीन का बाजार मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतें भी उतार-चढ़ाव में हैं, ब्रेंट क्रूड 0.33 प्रतिशत बढ़कर 67.77 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचा।
रुपया मजबूत, लेकिन FII की बिकवाली जारी
विदेशी मुद्रा बाजार में भारतीय रुपया 11 पैसे मजबूत होकर 90.23 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। हालांकि, डॉलर की मजबूती और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की बिकवाली ने रुपये की बढ़त को सीमित रखा। गुरुवार को FII ने 2,150.51 करोड़ रुपये के शेयर बेचे, जो बाजार की धारणा को कमजोर कर रहा है।
Also Read : देवघर में शिवरात्रि पर निकलेगी भव्य शिव बारात, पौराणिक परंपरा के साथ दिखेगी ‘साइबर दैत्य’ की झांकी


