Ranchi : बेटियों की शादी को लेकर अब अभिभावकों को आर्थिक चिंता करने की जरूरत नहीं है। अभिनंदन ट्रस्ट बेटियों की शादी के लिए लाखों रुपये मूल्य की सामग्री निःशुल्क उपलब्ध करा रहा है। यह जानकारी अभिनंदन ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद कुमार ने दी।
डॉ. विवेकानंद कुमार ने बताया कि झारखंड की प्रगति और सामाजिक विकास को ध्यान में रखते हुए रांची स्थित रोस्पा टावर कार्यालय में अभिनंदन ट्रस्ट की ओर से एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम के माध्यम से ट्रस्ट की योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की कन्या विवाह उपहार योजना के तहत नवविवाहित बेटियों को विवाह में उपयोग होने वाली सामग्री उपलब्ध कराई जाती है, ताकि माता-पिता को कर्ज लेने की मजबूरी न रहे। डॉ. विवेकानंद कुमार ने कहा कि अभिनंदन ट्रस्ट जरूरतमंद परिवारों की सहायता कर उनकी जिम्मेदारी निभा रहा है। ट्रस्ट के अध्यक्ष ने जानकारी दी कि मोटरसाइकिल की कीमत में मोटरसाइकिल उपलब्ध कराई जाती है और इसके साथ गोदरेज, टीवी, बर्तन सहित कुल 122 प्रकार की विवाह सामग्री निःशुल्क दी जाती है। यह सेवा कार्य ट्रस्ट द्वारा पिछले कई वर्षों से लगातार किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि अभिनंदन ट्रस्ट से जुड़कर बेरोजगार युवा रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं और अच्छी आमदनी कर सकते हैं। ट्रस्ट की ओर से दी जाने वाली सभी सामग्री दान स्वरूप प्रदान की जाती है। कार्यक्रम में ट्रस्ट के स्टेट प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, अनिल कुमार, भरत कुमार, कृष्णा वल्लभ, डॉ. एस.के. वर्मा समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।
Also Read : सीएम हेमंत ने दी 197 योजनाओं की सौगात, बोले- आधी आबादी को बना रहे हैं सशक्त और आत्मनिर्भर


