New Delhi : देश के करोड़ों लोगों का इंतजार आज यानी 1 फरवरी को खत्म होने जा रहा है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज संसद में आम बजट 2026-27 पेश करेंगी। खास बात यह है कि वे वित्त मंत्री के रूप में लगातार नौवां बजट पेश करने जा रही हैं। बजट में टैक्स, सामाजिक योजनाओं, विकास कार्यों और आर्थिक नीतियों को लेकर कई अहम घोषणाएं किए जाने की उम्मीद है। यह बजट आगामी वित्तीय वर्ष के लिए सरकार की प्राथमिकताओं और खर्च की दिशा तय करेगा।

बजट से पहले कैबिनेट की मंजूरी
बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री राष्ट्रपति भवन जाकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को बजट पेश किए जाने की औपचारिक जानकारी देंगी। इसके बाद सुबह 10:15 बजे केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक होगी, जिसमें आम बजट को मंजूरी दी जाएगी। इसके बाद सुबह 11 बजे लोकसभा में बजट पेश किया जाएगा।
एक से डेढ़ घंटे का होगा बजट भाषण
लोकसभा में वित्त मंत्री का बजट भाषण करीब एक से डेढ़ घंटे तक चल सकता है। इस दौरान सरकार आगामी वित्तीय वर्ष के लिए खर्च योजनाएं, कर प्रस्ताव और नीतिगत फैसलों की जानकारी देगी। बजट भाषण को लाइव दिखाया जाएगा और बाद में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।

यहां देख सकते हैं बजट भाषण लाइव
वित्त मंत्री का बजट भाषण संसद टीवी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल, प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) के यूट्यूब चैनल, डीडी न्यूज और अन्य निजी न्यूज चैनलों पर लाइव देखा जा सकता है।
Also Read : झारखंड में मौसम शुष्क बना रहेगा, ठंड से मिलेगी राहत




