Ranchi : झारखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 4 फरवरी तक राज्य के अधिकांश जिलों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा या कुहासा देखने को मिल सकता है। सुबह के बाद आंशिक बादल छा सकते हैं, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा।

यह स्थिति मध्य, दक्षिणी, उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी झारखंड के जिलों में लगभग समान रहने की संभावना है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी सुबह कोहरा रहेगा, जबकि दिन में मौसम शुष्क और सुहावना बना रहेगा। इस दौरान बारिश या किसी अन्य मौसमी गतिविधि की कोई संभावना नहीं है। मौसम को लेकर कोई चेतावनी भी जारी नहीं की गई है।
तापमान में 3 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी के आसार
अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि अगले चार से पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। रांची में 31 जनवरी को अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। 5 और 6 फरवरी को भी सुबह हल्का कोहरा और बाद में आसमान साफ रहने की संभावना है।

चाईबासा में सबसे अधिक तापमान दर्ज
मौसम केंद्र रांची के अनुसार 31 जनवरी को राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। चाईबासा में राज्य का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 28.8, डालटनगंज में 28.4, बोकारो में 28.1 और रांची में 25.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटों में 0.9 डिग्री बढ़ा।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो डालटनगंज में सबसे कम 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा, जबकि जमशेदपुर और चाईबासा में यह क्रमशः 16.0 और 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रात में हल्की ठंड अब भी महसूस की जा रही है।
अगले पांच दिन बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। उत्तर-पूर्वी और दक्षिणी झारखंड के जिलों में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। देवघर, धनबाद, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा और पाकुड़ में अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। गोड्डा और पाकुड़ में 2 फरवरी को तापमान 31 डिग्री तक जाने की संभावना है।
दक्षिणी झारखंड के पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम तथा सरायकेला-खरसावां में भी 4 फरवरी तक अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं रांची, हजारीबाग, बोकारो और रामगढ़ में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़कर 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
Also Read : सीएम हेमंत सोरेन की विदेश यात्रा लाई रंग, झारखंड को मिला 70 हजार करोड़ का निवेश प्रस्ताव




