Palamu : गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने राज्य की बेटियों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। पलामू में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए राज्य के वित्त मंत्री ने कहा कि बिहार समेत अन्य राज्यों की तर्ज पर झारखंड की बेटियों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और केंद्र सरकार से सहयोग की मांग की गई है।
वित्त मंत्री ने बताया कि हाल ही में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ हुई बैठक में इस योजना पर विस्तार से चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य इस आर्थिक सहायता के माध्यम से बेटियों को आत्मनिर्भर बनाना और उनकी शिक्षा एवं भविष्य को मजबूती देना है। अपने संबोधन के दौरान राधाकृष्ण किशोर ने दिशोम गुरु को भारत रत्न दिए जाने की मांग भी दोहराई। उन्होंने कहा कि दिशोम गुरु को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाना सराहनीय कदम है, लेकिन झारखंड विधानसभा पहले ही उन्हें भारत रत्न देने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज चुकी है।
वित्त मंत्री ने पलामू क्षेत्र में धान खरीद की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए जिला प्रशासन को खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विशेष केंद्रीय सहायता रोके जाने से राज्य प्रभावित हो रहा है और इसे शीघ्र बहाल किया जाना चाहिए। पुलिस स्टेडियम, पलामू में आयोजित समारोह में वित्त मंत्री ने झंडोत्तोलन किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर आईजी, डीआईजी, उपायुक्त, एसपी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Also Read : 1949 में बन गया था संविधान, पर गणतंत्र दिवस की शुरुआत 1950 में क्यों? जानिए इतिहास के पीछे की कहानी


