Dhanbad : धनबाद में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह और राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार सुबह मानव श्रृंखला का आयोजन किया गया। यह मानव श्रृंखला रणधीर वर्मा चौक से गोल बिल्डिंग तक बनाई गई, जिसमें जिले के हजारों लोगों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में जिला प्रशासन के साथ-साथ आईआईटी आईएसएम, बीसीसीएल, पूर्व मध्य रेलवे, मैथन पावर लिमिटेड, डीवीसी, टाटा स्टील, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, चैंबर ऑफ कॉमर्स, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल हुए।
आयोजन का उद्देश्य
मानव श्रृंखला की शुरुआत सुबह 7 बजे हुई। इस मौके पर डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार भी मौजूद रहे और लोगों का उत्साह बढ़ाया। डीसी आदित्य रंजन ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और केंद्र व राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार जनवरी माह में पूरे देश में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। धनबाद में इसे विशेष और यादगार बनाने का प्रयास किया गया है ताकि लोग यातायात नियमों का पालन करें और सड़क हादसों को रोका जा सके।
डीसी आदित्य रंजन की अपील
डीसी ने खास तौर पर युवाओं से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की और कहा कि जागरूकता से कई अनमोल जानें बचाई जा सकती हैं। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में नए मतदाताओं को ईपीआईसी कार्ड भी दिए जाएंगे। इसके साथ ही धनबाद, झरिया, सिंदरी, निरसा, बलियापुर और टुंडी विधानसभा क्षेत्रों के एक-एक बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा।
Also Read : खूंटी में डायन-बिसाही के शक और बदले की भावना में मासूम की ह’त्या, दो आरोपी गिरफ्तार


