Sahibganj : साहिबगंज जिले के बरहरवा रेलवे स्टेशन से 5 जनवरी को लापता हुआ सात वर्षीय बालक बजरंगी रिख्यिासन अब तक नहीं मिल सका है। घटना को 19 दिन बीत जाने के बावजूद मासूम का कोई सुराग नहीं लगने से प्रशासन और रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
परिजनों के अनुसार, साहिबगंज जिले के छोटा मदनशाही निवासी मजदूर बिंदेश्वरी रिख्यिासन अपने नाती बजरंगी के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान बरहरवा–साहिबगंज पैसेंजर ट्रेन (53411) के ठहराव के समय बच्चे को भूख लगी। नाना उसे खाना दिलाने के लिए स्टेशन परिसर से बाहर निकले, तभी ट्रेन खुल गई और बच्चा अकेला ट्रेन में रह गया।
घटना के बाद घबराए नाना ने तुरंत बरहरवा रेल थाना (जीआरपी) में सूचना दी। इसके बाद जीआरपी द्वारा तीनपहाड़, साहिबगंज सहित अन्य रेलवे स्टेशनों को बच्चे की सूचना भेजी गई, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
मजबूरी में बिंदेश्वरी रिख्यिासन ने अपने नाती का नाम, पता और फोटो तख्ती पर लिखकर गांव-गांव भटककर खोजबीन शुरू कर दी है। मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले नाना के लिए यह इंतजार किसी अंतहीन पीड़ा से कम नहीं है।
बिंदेश्वरी रिख्यिासन ने प्रभात खबर के माध्यम से आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी इस बच्चे के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत नजदीकी पुलिस या रेल थाना को सूचित करें, ताकि मासूम को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाया जा सके।
Also Read : खूंटी में डायन-बिसाही के शक और बदले की भावना में मासूम की ह’त्या, दो आरोपी गिरफ्तार


