Ranchi : गणतंत्र दिवस को लेकर झारखंड में रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रांची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर 26 जनवरी 2026 को रांची रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था में सीसीटीवी कैमरों की सघन निगरानी, सुरक्षा बलों की भारी तैनाती, श्वान दस्तों द्वारा जांच और निरंतर गश्त शामिल हैं। रांची जंक्शन, हटिया, ओरमांझी समेत अन्य प्रमुख स्टेशनों पर आरपीएफ, गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे कर्मियों की संयुक्त टीमें दिन-रात सक्रिय रहेंगी।
कमांडेंट पवन कुमार ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि पर नजर रखें और तुरंत नजदीकी आरपीएफ, जीआरपी या रेलवे कर्मी को सूचित करें। यात्रियों से यह भी अनुरोध किया गया है कि वे अपने सामान पर खुद ध्यान दें, अनजान लोगों से पैकेट या खाद्य सामग्री न लें और अफवाहों पर ध्यान न दें।
रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है। 26 जनवरी के पावन अवसर पर सभी यात्रियों से सजग, सतर्क और जागरूक रहने का आग्रह किया गया है, ताकि सभी की रेल यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।
Also Read : पलामू टाइगर रिजर्व में हाथी की मौ’त, जांच में जुटी वन विभाग


