Dhanbad : धनबाद के भागाबांध ओपी क्षेत्र के जीतपुर जोड़िया के पास स्थित पेटिया बस्ती में नगर निगम द्वारा प्रस्तावित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के निर्माण को लेकर शनिवार को ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का जोरदार विरोध किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी रैयती और आबादी वाली जमीन पर बिना पूर्व सूचना और सहमति के जबरन यह प्लांट बनाया जा रहा है। विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कहा कि वे अपनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देंगे। महिलाओं ने कहा कि जान दे देंगे, लेकिन जमीन नहीं छोड़ेंगे।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए जिला प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया। महिला पुलिस ने रस्सी लगाकर बैरिकेडिंग की, जिसके दौरान ग्रामीण महिलाओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मौके पर पुटकी अंचल अधिकारी विकास आनंद, सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, सीसीआर डीएसपी और जोरापोखर सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार सत्यम सहित आधा दर्जन थानों की पुलिस टीम मौजूद थी।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और वार्ता के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जबरन निर्माण कार्य शुरू किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया है।
Also Read : जामताड़ा महाविद्यालय में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के लिए चलाया गया हस्ताक्षर अभियान


