Ranchi : रांची में लगातार पड़ रही भीषण शीतलहर और न्यूनतम तापमान 8-10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के बीच जिला प्रशासन ने जनता, अभिभावकों और छात्रों के लिए विशेष चेतावनी जारी की है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), रांची द्वारा दिए गए विशेष बुलेटिन के आधार पर डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने जनता से सतर्क रहने की अपील की है। डीसी ने कहा कि ठंड से होने वाली बीमारियों जैसे सर्दी-खाँसी, निमोनिया और हाइपोथर्मिया से बचाव जरूरी है। उन्होंने आम जनता को सुबह-शाम और रात में अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, गर्म कपड़े पहनने और घर के अंदर गर्म पेय पदार्थ लेने की सलाह दी है।
बुजुर्गों और बच्चों का रखें विशेष ध्यान
अभिभावकों को बच्चों को मोटे गर्म कपड़े पहनाकर ही घर से बाहर भेजने और बीमार होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेने का निर्देश दिया गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों को सुबह के सबसे ठंडे समय में घर से न भेजने की हिदायत भी दी गई है।
छात्र-छात्राओं के लिए भी निर्देश
स्कूल जाते समय पूरी तरह गर्म कपड़े पहनें, मफलर या स्कार्फ से मुंह-नाक ढकें और अगर अस्वस्थ महसूस हो तो तुरंत शिक्षक या अभिभावक को सूचित करें। जिला प्रशासन स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है और आवश्यकतानुसार आगे के निर्देश जारी करेगा। प्रशासन की यह चेतावनी इस सर्दी में जनता और खासकर बच्चों के लिए सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Also Read : 12 साल की बच्ची के अपहरण की खबर झूठी, पुलिस जांच में खुलासा


