Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने वर्ष 2026 की मैट्रिक (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। जैक द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोनों परीक्षाएं 3 फरवरी 2026 से शुरू होंगी। जैक के अनुसार, 10वीं की परीक्षा 3 फरवरी से 17 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी, जबकि 12वीं की परीक्षा 3 फरवरी से 23 फरवरी 2026 तक चलेगी।
दो पालियों में होगी परीक्षा
इस बार भी झारखंड बोर्ड की परीक्षाएं दो पालियों में आयोजित की जाएंगी।
- पहली पाली: सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक
- दूसरी पाली: दोपहर 1:45 बजे से शाम 5:00 बजे तक
परीक्षा का विस्तृत शेड्यूल जैक की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
जनवरी में जारी होंगे एडमिट कार्ड
जैक ने जानकारी दी है कि 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के एडमिट कार्ड जनवरी 2026 में स्कूलों के माध्यम से विद्यार्थियों को वितरित किए जाएंगे। सभी विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे समय पर छात्रों को एडमिट कार्ड उपलब्ध कराएं और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों की जानकारी दें।
तैयारी के अंतिम चरण में छात्र
राज्यभर के हजारों विद्यालयों में छात्र-छात्राएं परीक्षा की तैयारी के अंतिम चरण में हैं। शिक्षक विद्यार्थियों को मॉडल प्रश्नपत्रों और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों के माध्यम से अभ्यास करा रहे हैं। जैक की ओर से पहले ही मॉडल पेपर जारी किए जा चुके हैं, ताकि छात्र परीक्षा पैटर्न से भली-भांति परिचित हो सकें।
1200 से अधिक परीक्षा केंद्र
जैक ने छात्रों से अपील की है कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचें और निर्धारित ड्रेस कोड एवं सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें। परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। राज्यभर में 1200 से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और निगरानी की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
Also Read : छत्तीसगढ़ में खत्म हो रहा ‘लाल आतंक’: सुकमा में 29 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

