Palamu : पलामू जिले में नीलांबर-पीतांबर उत्तर कोयल नहर परियोजना के तहत मंडल डैम का निर्माण कार्य दिसंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। सांसद विष्णुदयाल राम ने डैम निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्य कर रही वाप्कोस कंपनी के अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में सांसद विष्णुदयाल राम ने बताया कि उन्होंने मंडल डैम के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया है। उन्होंने कहा कि आने वाले संसद के बजट सत्र में इस परियोजना से जुड़ा मामला उठाया जा सकता है। गौरतलब है कि मंडल डैम के अधूरे कार्य को पूरा करने की आधारशिला पीएम मोदी ने वर्ष 2019 में रखी थी। पहले यह लक्ष्य तय किया गया था कि परियोजना का निर्माण कार्य वर्ष 2023 तक पूरा हो जाएगा, लेकिन अब तक निर्माण स्थल पर केवल गेट ही पहुंचे हैं।
मंडल डैम के कारण विस्थापित होने वाले परिवारों को अभी मुआवजा दिया जाना बाकी है। नेशनल टाइगर कंजर्वेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया की गाइडलाइन के अनुसार डूब क्षेत्र में आने वाले परिवारों को मुआवजा दिया जाना है। निरीक्षण के दौरान यह जानकारी सामने आई कि डैम के कुल 12 गेट में से 10 गेट तैयार हो चुके हैं। शेष दो गेट भी जल्द ही तैयार होकर निर्माण स्थल पर पहुंच जाएंगे।
इसके अलावा बरवाडीह से मंडल तक सड़क निर्माण के लिए राज्य सरकार की कैबिनेट से स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही इस सड़क का निर्माण कार्य भी पूरा किया जाएगा। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि विजय ओझा, ईश्वरी पांडेय, शिव कुमार मिश्रा, अलख दुबे सहित कई लोग मौजूद थे।
Also Read : गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति भवन का ‘एट होम’ निमंत्रण, अष्टलक्ष्मी राज्यों की कला ने पाया राष्ट्रीय मंच

