Patna : बिहार में बढ़ती लूट और चोरी की घटनाओं के बीच सराफा कारोबारियों ने सुरक्षा को लेकर एक अहम फैसला लिया है। अब राज्य की सोना-चांदी की दुकानों में हिजाब, नकाब या घूंघट पहनकर आने वाली महिलाओं को, साथ ही हेलमेट या मुरेठा पहनकर आने वाले पुरुषों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इस फैसले को लेकर पटना सहित कई जिलों की सराफा दुकानों में नोटिस भी लगा दिए गए हैं। सराफा कारोबारियों का कहना है कि यह निर्णय किसी समुदाय या वर्ग के खिलाफ नहीं है, बल्कि पूरी तरह से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
दरअसल, पिछले कुछ समय से बिहार के अलग-अलग जिलों में सराफा दुकानों में लूट और चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। कई मामलों में अपराधियों ने चेहरे ढककर दुकान में घुसकर वारदात को अंजाम दिया और आसानी से फरार हो गए। इससे दुकानदारों और ग्राहकों दोनों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे थे।
ऑल इंडिया गोल्ड एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने मीडिया को बताया कि सराफा कारोबार हमेशा से अपराधियों के निशाने पर रहा है। उन्होंने कहा कि चेहरे ढके होने के कारण अपराधियों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है, इसलिए यह फैसला लिया गया है ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
सराफा एसोसिएशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि कोई ग्राहक खरीदारी करना चाहता है, तो दुकान में प्रवेश से पहले उसे अपना चेहरा स्पष्ट रूप से दिखाना होगा। कारोबारियों का मानना है कि इस कदम से बाजार में सुरक्षा का माहौल बेहतर होगा और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगेगा।
Also Read : नक्सल नेटवर्क को झटका : 7 महिला नक्सली समेत 26 ने किया सरेंडर


