Johar Live Desk : असम के मोरीगांव जिले में सोमवार तड़के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.1 मापी गई। यह भूकंप सुबह 4:17 बजे आया, जिससे लोग डर के मारे घरों से बाहर निकल आए।
भूकंप का केंद्र असम का मोरीगांव जिला बताया गया है, जो ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिणी किनारे पर स्थित है। अधिकारियों के मुताबिक भूकंप की गहराई लगभग 50 किलोमीटर थी। राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।
असम के कई जिलों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इनमें कामरूप मेट्रोपॉलिटन, नागांव, ईस्ट और वेस्ट कार्बी आंगलोंग, होजई, दीमा हसाओ, गोलाघाट, जोरहाट, शिवसागर, चराईदेव, कछार, करीमगंज, हैलाकांडी, धुबरी, साउथ सलमारा-मनकाचर और गोलपारा शामिल हैं। वहीं ब्रह्मपुत्र के उत्तरी किनारे के जिलों जैसे दरांग, सोनितपुर, नलबाड़ी, बारपेटा, बोंगाईगांव, लखीमपुर, कोकराझार और चिरांग में भी लोगों ने झटके महसूस किए।
भूकंप का असर असम तक सीमित नहीं रहा। इसके झटके अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में भी महसूस किए गए। रिपोर्ट के अनुसार भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी धरती हिली।
इस बीच, एनसीएस ने बताया कि त्रिपुरा में भी सोमवार सुबह 3.9 तीव्रता का हल्का भूकंप दर्ज किया गया। यह झटका सुबह 3:33 बजे करीब 54 किलोमीटर की गहराई पर आया।
विशेषज्ञों का कहना है कि भारत का उत्तर-पूर्वी क्षेत्र हाई सिस्मिक जोन में आता है, इसलिए यहां भूकंप की आशंका बनी रहती है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
Also Read : दुमका में ई-रिक्शा चालक की ह’त्या के विरोध में सड़क जाम, एनएच-114A पर यातायात बाधित


