Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह क्षेत्र में प्रशासन ने सोमवार को करनडीह चौक से खासमहाल तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान दर्जन भर ढांचों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, धालभूम ने जमशेदपुर प्रखंड के अंचल अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
अभियान को शांतिपूर्ण और विधिसम्मत तरीके से संचालित करने के लिए दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को पहले से चेतावनी देने के लिए माइक से लगातार घोषणाएं कीं, ताकि लोग स्वयं अपने अतिक्रमण हटा लें।
जानकारी के अनुसार, करनडीह चौक से जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय, परसुडीह थाना, सदर अस्पताल और प्रसाद होटल तक दुकानदारों और अस्थायी संरचनाओं द्वारा सड़क और फुटपाथ पर अवैध कब्जा किया गया था, जिससे यातायात बाधित हो रहा था।
अधिकारियों ने कहा कि इस मार्ग से पहले भी अतिक्रमण हटाया जा चुका है, लेकिन लोग दोबारा कब्जा कर चुके थे। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में कोई फिर से अवैध कब्जा करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान 29 दिसंबर को जमशेदपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन से पहले सुरक्षा और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए चलाया गया।



