Koderma : कोडरमा जिले में कफ सिरप पीने के बाद डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। मृत बच्ची की पहचान रवि भुइयां की पुत्री रागिनी कुमारी के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार रागिनी को पिछले दो दिनों से खांसी थी, जिसके लिए मेडिकल दुकान से कफ सिरप लाया गया था। सिरप पिलाने के कुछ ही समय बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उसे बेचैनी होने लगी और हालत तेजी से खराब हो गई। घबराए परिजन बच्ची को तुरंत कोडरमा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बच्ची की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और अस्पताल परिसर में मातम छा गया। मृत बच्ची की मां ने आरोप लगाया कि कफ सिरप पीने के बाद ही रागिनी की हालत बिगड़ी और उसकी जान चली गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। कोडरमा के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ड्रग इंस्पेक्टर को जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सिरप की कंपनी, एक्सपायरी डेट और मेडिकल दुकान की भूमिका की भी जांच की जाएगी। बच्ची की मौत के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।


