Palamu : झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने गांजे की खेती और तस्करी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई तरहसी थाना क्षेत्र के ललगड़ा गांव में की गई। पुलिस ने एक घर से 43.5 किलोग्राम कच्चा गांजा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार गांजा पांच प्लास्टिक और एक जूट के बोरे में रखा हुआ था। घर का मालिक जयराम उरांव मौके से गिरफ्तार किया गया। वह घर पर ही गांजे की खेती कर उसे सुखाकर बेचने की तैयारी कर रहा था।
लेस्लीगंज के एसडीपीओ मनोज झा ने बताया कि रविवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि जयराम उरांव के घर में कच्चा गांजा रखा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी आनंद राम और पुलिस टीम ने छापेमारी की।
तलाशी के दौरान भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। सोमवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Also Read : राज्य में सरकारी धान खरीद शुरू, किसानों को मिलेगा 2,450 रुपये प्रति क्विंटल


